Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के टाउन एडमिनिस्ट्रेशन विभाग ने सेक्टर-6 और सेक्टर-12 के घोषित क्षतिग्रस्त ब्लॉकों में रह रहे कर्मचारियों के पुनर्वास के लिए विशेष डी-टाइप क्वार्टर आवंटन अभियान शुरू किया है। 12 जून 2026 तक उपलब्ध खाली डी-टाइप क्वार्टरों की सूची जारी करते हुए पात्र कर्मचारियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

केवल प्रभावित कर्मचारियों के लिए विशेष व्यवस्था
यह आवंटन प्रक्रिया केवल उन ऑन-रोल कर्मचारियों के लिए लागू होगी जो वर्तमान में सेक्टर-6 और सेक्टर-12 के क्षतिग्रस्त घोषित ब्लॉकों में निवास कर रहे हैं। कर्मचारियों को उपलब्ध क्वार्टरों में से न्यूनतम 10 और अधिकतम 20 विकल्प ऑनलाइन भरने होंगे ताकि स्थानांतरण प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जा सके।

वरिष्ठता होगी चयन का मुख्य आधार
प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि इस विशेष पुनर्वास अभियान में आवंटन पूरी तरह पात्र कर्मचारियों की संयुक्त वरिष्ठता सूची के आधार पर किया जाएगा। सामान्य आवंटन प्रक्रिया में लागू मेडिकल, चेंज केस, आउट-ऑफ-टर्न अथवा अन्य विशेष श्रेणियों को इस अभियान में शामिल नहीं किया जाएगा। इस प्रक्रिया के लिए एस-1 से एस-11 ग्रेड के कर्मचारी पात्र होंगे।
15 जून से शुरू होगी ऑनलाइन प्रक्रिया
कर्मचारी 15 जून 2026 की मध्यरात्रि से 17 जून 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी पसंद दर्ज कर सकेंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। ऑफलाइन आवेदन मान्य नहीं होंगे।
आवंटन के बाद 10 दिनों में देना होगा जवाब
आवंटन आदेश जारी होने के बाद संबंधित कर्मचारी को 10 दिनों के भीतर टीएएमएस पोर्टल पर आवंटित क्वार्टर को स्वीकार या अस्वीकार करना होगा। निर्धारित अवधि में जवाब नहीं देने पर कर्मचारी को एक वर्ष के लिए डिबार किया जा सकता है।
क्वार्टर का भौतिक सत्यापन करने की सलाह
प्रबंधन ने कर्मचारियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले वे उपलब्ध क्वार्टरों का भौतिक निरीक्षण अवश्य कर लें। सूची में दिए गए फ्लोर संबंधी विवरण उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर प्रकाशित किए गए हैं।
दो कार्य दिवस में होगा आवंटन रन
चॉइस सबमिशन की अंतिम तिथि 17 जून के बाद दो कार्य दिवसों के भीतर क्वार्टर आवंटन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सभी आवंटन हाउस अलॉटमेंट रूल्स-2017 एवं उसके संशोधित प्रावधानों के तहत किए जाएंगे।

