Bokaro: सेल के बोकारो स्टील प्लांट (BSL) की टीमों ने गुणवत्ता प्रबंधन और नवाचार के क्षेत्र में एक बार फिर अपनी उत्कृष्टता साबित की है। वाराणसी में 12 एवं 13 जून को क्वालिटी सर्किल फोरम ऑफ इंडिया (क्यूसीएफआई) द्वारा आयोजित 12वें राष्ट्रीय 5एस वार्षिक अधिवेशन में बीएसएल की 15 टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न श्रेणियों में कुल 15 पुरस्कार हासिल किए।

नवाचार आधारित परियोजनाओं का किया प्रस्तुतीकरण
दो दिवसीय इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर के उद्योगों और संस्थानों की टीमों ने हिस्सा लिया। बीएसएल की टीमों ने गुणवत्ता सुधार, कार्यकुशलता बढ़ाने, संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा संगठनात्मक उत्कृष्टता से जुड़े नवाचार आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के आधार पर बीएसएल की आठ टीमों को ‘पार एक्सीलेंस’, पांच टीमों को ‘एक्सीलेंस’ तथा दो टीमों को ‘डिस्टिंगुइशड’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

आठ टीमों को मिला ‘पार एक्सीलेंस’ सम्मान
‘पार एक्सीलेंस’ पुरस्कार प्राप्त करने वाली टीमों में पावर इंजीनियरिंग ब्रिगेड विभाग की जिज्ञासा, ईटीएल विभाग की शक्ति, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग की क्षितिज और जज्बा, सीओ एंड सीसी विभाग की प्रगति, ड्रीम और परिवर्तन, तथा ट्रैफिक विभाग की सृजन ज्योति शामिल रहीं।
पांच टीमों को मिला ‘एक्सीलेंस’ अवॉर्ड
‘एक्सीलेंस’ पुरस्कार जीतने वाली टीमों में हॉट स्ट्रिप मिल विभाग की रेडियन्स, कोल्ड रोलिंग मिल-3 की सक्षम और स्पार्क, डिस्ट्रिब्यूशन नेटवर्क विभाग की ग्रीन पावर तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग की तेज टीम शामिल हैं।
दो टीमों को मिला ‘डिस्टिंगुइशड’ सम्मान
इसके अतिरिक्त सीआरएम-1 एवं 2 विभाग की सुचिता तथा सीओ एंड सीसी विभाग की उत्कल टीम को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘डिस्टिंगुइशड’ पुरस्कार प्रदान किया गया।
गुणवत्ता और सतत सुधार पर रहा विशेष फोकस
अधिवेशन के दौरान गुणवत्ता प्रबंधन, नवाचार और सतत सुधार की कार्यसंस्कृति को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागी टीमों ने अपने प्रोजेक्ट्स के माध्यम से यह दर्शाया कि संगठनात्मक विकास, कार्यस्थल उत्कृष्टता और बेहतर कार्यप्रणाली में नवाचार की कितनी महत्वपूर्ण भूमिका है। बीएसएल की टीमों की इस उपलब्धि ने न केवल संयंत्र बल्कि पूरे बोकारो का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

