Bokaro: शहर के बीएस सिटी थाना क्षेत्र में एक महिला ने जिम ट्रेनर पर छेड़छाड़, जातिसूचक टिप्पणी और अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

महिला के अनुसार, 13 जून की सुबह वह किसी कार्य से जिम पहुंची थी। इसी दौरान जिम संचालक और उसके साथियों ने कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया तथा गलत नीयत से पकड़कर बाथरूम की ओर ले जाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की, गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया।

पीड़िता का कहना है कि शोर मचाने पर वहां मौजूद कुछ लोगों के हस्तक्षेप से वह बच सकी। उसने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे परिवार भयभीत है। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि मामले में एससी-एसटी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।
[A woman from Bokaro has accused a gym owner and his associates of molestation, caste-based abuse, and misbehaviour in the City police station area. In a complaint submitted to the Superintendent of Police, the woman alleged that the accused tried to forcefully take her towards a washroom on June 13 and assaulted her when she resisted. She further claimed that they attempted to strangulate her and used casteist slurs. The woman has sought police protection, alleging continued threats. Police have registered a case under relevant provisions and launched an investigation, said Rajeev Ranjan, DSP, City]

