Bokaro: शहर के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में कार बेचने का झांसा देकर एक दुकानदार से पांच लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। करीब 20 दिनों की पहचान और भरोसे का फायदा उठाकर एक युवक ने दुकानदार को अपने जाल में फंसाया और रकम लेकर फरार हो गया। जब तक पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, तब तक आरोपी मोबाइल बंद कर गायब हो चुका था।

पहले दोस्ती, फिर कार बेचने का प्रस्ताव
पीएनटी मोड़ पेट्रोल पंप के पास दुकान चलाने वाले कमलेश कुमार झा ने पुलिस को बताया कि करीब 20 दिन पहले एक युवक उनकी दुकान पर आया था। उसने खुद को सेक्टर-2 का निवासी बताया और नियमित रूप से दुकान आने-जाने लगा। इसी दौरान दोनों के बीच परिचय बढ़ा। कुछ दिनों बाद युवक ने अपनी कार बेचने की बात कही और सौदा पांच लाख रुपये में तय हो गया।

दो किस्तों में दिए पूरे पांच लाख रुपये
कमलेश के अनुसार, 8 जून को उन्होंने आरोपी को दो लाख रुपये दिए। इसके बाद 10 जून को युवक ने शेष तीन लाख रुपये देने पर कार और उसके कागजात सौंपने की बात कही। भरोसे में आकर कमलेश ने बैंक से तीन लाख रुपये निकाले और दुकान पर ही आरोपी को दे दिए।
कागजात लाने गया, फिर नहीं लौटा
रुपये लेने के बाद युवक ने कहा कि वह सेक्टर-2 से कार के कागजात लेकर आता है। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। कुछ दिनों तक इंतजार करने के बाद जब कमलेश ने फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
बिहार के औरंगाबाद तक पहुंची पुलिस की जांच
मंगलवार को पीड़ित ने सेक्टर-6 थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस की टेक्निकल टीम जांच में जुट गई। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल की आखिरी लोकेशन बिहार के औरंगाबाद जिले में मिली है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

