Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) अपनी टाउनशिप को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाने के लिए लगातार आधारभूत संरचना के विकास पर काम कर रहा है। सड़क, आवास और बिजली व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पूरे किए जा चुके हैं, जबकि कई योजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

26 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत पूरी
बीएसएल द्वारा हाल ही में सेक्टर 2बी, 2सी, 3ए, 3बी, 4जी, 6ए, 9ए और 9डी में लगभग 15 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत अत्याधुनिक माइक्रो-सर्फेसिंग तकनीक से कराई गई है। इसके अलावा सेक्टर 2ए, 2डी, 3सी, 3डी, 5डी, 8बी, 9बी, 11सी और 11डी समेत विभिन्न क्षेत्रों में करीब 11 किलोमीटर सड़कों का मरम्मत कार्य भी पूरा किया जा चुका है।

वित्तीय वर्ष के अंत तक और होंगे काम
टाउनशिप की सड़क व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए बीएसएल ने चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक लगभग 8 किलोमीटर सड़कों पर माइक्रो-सर्फेसिंग तथा 10 किलोमीटर सड़कों की बिटुमिनस (डामर) मरम्मत करने की योजना बनाई है। इससे निवासियों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
आवासीय भवनों का भी हो रहा कायाकल्प
आवासीय परिसरों के रखरखाव और सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वर्तमान में सेक्टर 8ए और 11ए में आवासीय भवनों की बाहरी मरम्मत का कार्य प्रगति पर है। पिछले दो वर्षों में टाउनशिप के विभिन्न सेक्टरों में 800 से अधिक आवासीय ब्लॉकों की बाहरी मरम्मत और रखरखाव का कार्य पूरा किया जा चुका है।
500 और आवासीय ब्लॉकों की तैयारी
बीएसएल प्रबंधन ने चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक लगभग 500 अतिरिक्त आवासीय ब्लॉकों में बाहरी मरम्मत और रखरखाव कार्य कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इससे टाउनशिप की सुंदरता और सुविधाओं में और अधिक सुधार होगा।
बिजली व्यवस्था को बनाया जा रहा मजबूत
निवासियों को निर्बाध और स्थिर बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए सेक्टर 4ए और सेक्टर 9 में दो नए विद्युत उपकेंद्र (सब-स्टेशन) स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही बीएसएल द्वारा टाउनशिप के विभिन्न क्षेत्रों में अब तक कुल नौ विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए जा चुके हैं।
तीन और नए सब-स्टेशन की योजना
बढ़ती जरूरतों को देखते हुए बीएसएल ने भविष्य में तीन और नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने की योजना तैयार की है। इससे बिजली आपूर्ति प्रणाली और अधिक मजबूत एवं विश्वसनीय बनेगी।
स्मार्ट लाइटिंग से होगी ऊर्जा की बचत
ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देने के लिए टाउनशिप के प्रमुख मार्गों और आर्टेरियल सड़कों पर स्मार्ट लाइटिंग कंट्रोल सिस्टम लगाए गए हैं। साथ ही एलईडी स्ट्रीट लाइट्स की स्थापना से बिजली की बचत के साथ बेहतर रोशनी भी सुनिश्चित हुई है।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगी टाउनशिप
बीएसएल प्रबंधन का कहना है कि टाउनशिप के समग्र विकास, बेहतर जीवन-स्तर और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए भविष्य में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इन पहलों से बोकारो स्टील टाउनशिप को एक और अधिक व्यवस्थित एवं आधुनिक आवासीय क्षेत्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

