Bokaro: दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) बोकारो की छात्राओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मेहनत, अनुशासन और जुनून के बल पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। विद्यालय की तीन छात्राओं ने राष्ट्रीय कराटे मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित 1 डान ब्लैक बेल्ट हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।

गोवा राष्ट्रीय शिविर में शानदार उपलब्धि
गोवा में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कराटे प्रशिक्षण शिविर के दौरान कक्षा 5 की भाव्या बिष्ट, कक्षा 7 की रिशिता राज शर्मा और कक्षा 9 की सैयाती साक्षी ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। लगातार प्रशिक्षण, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर तीनों छात्राओं ने 1 डान ब्लैक बेल्ट के साथ जापानी डिप्लोमा प्रमाणपत्र प्राप्त किया।

कड़ी मेहनत और अनुशासन से मिली सफलता
तीनों छात्राओं ने मार्शल आर्ट में वर्षों की मेहनत और निरंतर अभ्यास के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। प्रशिक्षकों के अनुसार इन छात्राओं ने तकनीक, फिटनेस और मानसिक दृढ़ता में बेहतरीन संतुलन दिखाया, जिसके चलते वे इस मुकाम तक पहुंच सकीं।

विशेष असेंबली में हुआ सम्मान समारोह
विद्यालय में आयोजित विशेष असेंबली के दौरान प्राचार्य सह खेल कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड के चेयरमैन डॉ. ए. एस. गंगवार ने छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने उन्हें जापानी डिप्लोमा प्रमाणपत्र और ब्लैक बेल्ट प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
बेटियां किसी से कम नहीं: प्राचार्य का संदेश
डॉ. ए. एस. गंगवार ने कहा कि इन छात्राओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। कराटे न केवल आत्मरक्षा का सशक्त माध्यम है बल्कि यह शारीरिक और मानसिक विकास के लिए भी बेहद जरूरी है।
लगातार बढ़ रहा मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण
उन्होंने बताया कि डीपीएस बोकारो, कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया से संबद्ध खेल कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड के सहयोग से छात्रों को लगातार उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दे रहा है। इसी का परिणाम है कि विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
स्कूल प्रशासन और प्रशिक्षकों की उपस्थिति
इस अवसर पर वरीय उपप्राचार्य अंजनी भूषण, उपप्राचार्या शालिनी शर्मा तथा एसोसिएशन के महासचिव एवं मुख्य प्रशिक्षक शिहान खेदू गोराईं भी उपस्थित रहे।
