Bokaro : बोकारो के गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल (GGPS), सेक्टर-5/बी के छात्र अनुभव विश्वकर्मा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय विज्ञान मंच पर नया मुकाम हासिल किया है। कक्षा 12 (डी) के छात्र अनुभव ने विक्रम साराभाई विज्ञान प्रतिष्ठान द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित सराभाई यंगलिंग्स विज्ञान प्रशिक्षण शिविर (सत्र 2025-26) में श्रेणी-एक के अंतर्गत देशभर के टॉप-15 प्रतिभागियों में स्थान बनाकर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे बोकारो और झारखंड का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है।

तीन दिवसीय राष्ट्रीय शिविर में मिला वैज्ञानिकों से सीखने का अवसर
नई दिल्ली में 25 से 27 जून 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय विज्ञान प्रशिक्षण शिविर में देश के चुनिंदा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और नवप्रवर्तकों के साथ संवाद करने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने भारत मौसम विज्ञान विभाग, राष्ट्रीय सौर ऊर्जा संस्थान और आईआईटी दिल्ली का शैक्षणिक भ्रमण कर मौसम विज्ञान, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, वैज्ञानिक अनुसंधान, रॉकेट विज्ञान, नवाचार और उद्यमिता जैसे विषयों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन पर राष्ट्रीय सम्मान
शिविर के समापन समारोह में अनुभव विश्वकर्मा को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। श्रेणी-एक में देश के शीर्ष 15 प्रतिभागियों में स्थान बनाना उनकी वैज्ञानिक सोच, अनुशासन, जिज्ञासा और निरंतर मेहनत का प्रमाण माना गया।
‘सपनों को मेहनत से मिलती है उड़ान’
विद्यालय के प्राचार्य अभिषेक कुमार ने कहा कि अनुभव की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि विद्यालय की नवाचार आधारित शिक्षा और वैज्ञानिक सोच का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि अनुभव भविष्य में विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छुएंगे और अन्य विद्यार्थियों को भी बड़े सपने देखने तथा उन्हें मेहनत से पूरा करने की प्रेरणा देंगे।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष तरसेम सिंह और सचिव एस. पी. सिंह ने भी अनुभव को बधाई देते हुए कहा कि जीजीपीएस हमेशा ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करता रहेगा, जो ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

