Bokaro: बोकारो के युवा जंप रोप खिलाड़ी मल्लिकार्जुन मिश्रा ने श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में 27 से 30 जून तक आयोजित दक्षिण एशियाई युवा खेल (South Asian Youth Games)-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर न सिर्फ झारखंड बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता में भारत ने कुल 12 स्वर्ण पदक अपने नाम किए, जिनमें मल्लिकार्जुन के दो स्वर्ण पदकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

दो स्पर्धाओं में स्वर्ण जीतकर रचा इतिहास
एकलव्य स्पोर्ट्स आर्ट एंड कल्चर अकादमी एवं बोकारो जिला जंप रोप संघ के खिलाड़ी मल्लिकार्जुन ने फ्रीस्टाइल स्पर्धा में पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा में नेपाल दूसरे और बांग्लादेश तीसरे स्थान पर रहा। इसके बाद उन्होंने ट्रिपल अंडर स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में भूटान दूसरे तथा बांग्लादेश तीसरे स्थान पर रहा।

परिवार और कोच का मिला पूरा सहयोग
मल्लिकार्जुन मिश्रा बोकारो निवासी ब्रज भूषण मिश्रा और कुसुम मिश्रा के पुत्र हैं। उनके पिता सेल के हॉट स्ट्रिप मिल (एचएसएम) में चार्जमैन के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। मल्लिकार्जुन ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय नियमित अभ्यास, माता-पिता के सहयोग और अपने कोच राहुल प्रताप के मार्गदर्शन को दिया। राहुल प्रताप एकलव्य स्पोर्ट्स आर्ट एंड कल्चर अकादमी के संस्थापक एवं निदेशक होने के साथ शारीरिक शिक्षक भी हैं।
भारत लौटने पर होगा भव्य सम्मान
मल्लिकार्जुन के भारत लौटने का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। उनके स्वागत और सम्मान के लिए भव्य समारोह आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। इस उपलब्धि पर कोच राहुल प्रताप ने कहा कि मल्लिकार्जुन ने बोकारो, झारखंड और पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह भविष्य में भी भारत के लिए कई अंतरराष्ट्रीय पदक जीतकर युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे। एकलव्य स्पोर्ट्स आर्ट एंड कल्चर अकादमी, बोकारो जिला जंप रोप संघ तथा जिले के खेल प्रेमियों ने मल्लिकार्जुन मिश्रा को इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

