Bokaro: बोकारो में मंगलवार को लोकतंत्र को और अधिक समावेशी बनाने की दिशा में एक भावनात्मक और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान की शुरुआत चास नगर निगम क्षेत्र के रामनगर कॉलोनी से की। इस दौरान उन्होंने ट्रांसजेंडर मतदाता बबीता जी के घर पहुंचकर न सिर्फ उनसे संवाद किया, बल्कि वहां मौजूद अन्य ट्रांसजेंडर मतदाताओं को भी निर्वाचन प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी। प्रशासन की यह पहल उन लोगों तक लोकतंत्र का सम्मान पहुंचाने का संदेश बन गई, जिन्हें अक्सर मुख्यधारा से दूर समझा जाता है।
सम्मान के साथ मिला मतदाता बनने का अवसर
अभियान के दौरान संबंधित क्षेत्र के बीएलओ ने मौके पर ही ट्रांसजेंडर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराया। डीसी ने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब समाज का हर पात्र नागरिक बिना किसी भेदभाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल मतदाता सूची के पुनरीक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि हर नागरिक को समान सम्मान और भागीदारी का भरोसा देने का प्रयास भी है।

दो चरणों में पूरा होगा SIR-2026 अभियान
डीईओ सह डीसी ने बताया कि एसआईआर-2026 अभियान दो चरणों में संचालित किया जाएगा। पहले चरण में मतदाता सूची में दर्ज सभी मौजूदा मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा। जो मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के तहत हस्ताक्षर कर फॉर्म जमा करेंगे, उनका नाम बिना किसी अतिरिक्त दस्तावेज की मांग के प्रारूप मतदाता सूची में शामिल कर लिया जाएगा।

दूसरे चरण में दावे और आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। पात्र नागरिक अपना नाम जोड़ने के लिए दावा प्रस्तुत कर सकेंगे, जबकि अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी। उन्होंने आमजनों से भी इस अभियान के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को जागरूक करने की अपील की।
देश में दसवीं बार हो रहा है विशेष गहन पुनरीक्षण
डीसी अजय नाथ झा ने बताया कि स्वतंत्रता के बाद अब तक देश में नौ बार विशेष गहन पुनरीक्षण कराया जा चुका है और वर्ष 2025-26 का एसआईआर देश का दसवां विशेष गहन पुनरीक्षण है। उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, सहभागी और लोकतांत्रिक है, जिसमें मतदाताओं के साथ-साथ राजनीतिक दलों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
जिलेभर में शुरू हुआ फॉर्म वितरण अभियान
एसआईआर-2026 के शुभारंभ के साथ ही बोकारो जिले के सभी प्रखंडों में बीएलओ द्वारा एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण शुरू कर दिया गया है। सभी विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ और स्वयंसेवक सक्रिय रूप से अभियान को सफल बनाने में जुट गए हैं।
कोई भी पात्र मतदाता अधिकार से वंचित न रहे
जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के बीएलओ के सहयोग से समय पर एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा करें। प्रशासन का उद्देश्य स्पष्ट है – बोकारो का कोई भी पात्र नागरिक अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे और हर आवाज मतदाता सूची में सम्मानपूर्वक दर्ज हो। लोकतंत्र की असली ताकत तभी है, जब हर नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित हो।
