Bokaro : बोकारो रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन “नार्कोस” के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बोकारो रेलवे स्टेशन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई 30 जून 2026 को प्लेटफॉर्म संख्या 01 स्थित नए GRP कार्यालय के पास की गई।

अलेप्पी एक्सप्रेस से बरामद हुए दो लावारिस बैग
जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 13352 अलेप्पी एक्सप्रेस के GS कोच में जांच के दौरान पुलिस टीम को दो संदिग्ध बैग लावारिस हालत में मिले। यात्रियों से पूछताछ के बावजूद किसी ने भी इन बैगों पर दावा नहीं किया। इसके बाद बैग को प्लेटफॉर्म पर लाकर जांच की गई।

6 पैकेट में छिपाकर रखा गया था गांजा
जांच के दौरान दोनों बैगों से कुल 6 पैकेट बरामद हुए, जिन्हें ब्राउन टेप से लपेटा गया था। खोलने पर गांजा होने की पुष्टि हुई। कुल 14.364 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 7,18,200 रुपये बताई गई है।
RPF–CIB टीम की संयुक्त कार्रवाई
इस कार्रवाई में ASI डी.के. द्विवेदी सहित कई RPF कर्मियों और CIB/ADRA टीम की अहम भूमिका रही। जब्त गांजा GRPS बोकारो को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया है।

