Bokaro: जिले के बांसगोड़ा, माराफारी क्षेत्र से लापता हुई 6 वर्षीय बच्ची राधा उर्फ आराध्या आखिरकार सुरक्षित मिल गई, जिससे पूरे इलाके में राहत की लहर दौड़ गई। बच्ची के सकुशल मिलने की खबर ने परिजनों के आंसुओं को खुशी में बदल दिया।

11 बजे के बाद घर नहीं लौटी राधा
जानकारी के अनुसार, राधा (पिता – पुनीत चौहान, माता – कंचन चौहान) आज सुबह करीब 11 बजे आजाद नगर, दीना होटल के पीछे स्थित अपने घर के पास खेल रही थी। बताया गया कि वह पड़ोस की एक बच्ची के साथ खेल रही थी, तभी दूसरी बच्ची की मां के बुलाने पर वह चली गई, जिसके बाद राधा घर नहीं लौटी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू किया बड़ा सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही बोकारो पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 6 विशेष टीमों का गठन किया और पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी जांच की और सभी संभावित मार्गों की गहन छानबीन की।
6 घंटे की मेहनत के बाद मिली सफलता
करीब 6 घंटे की लगातार मेहनत के बाद पुलिस को सफलता मिली और बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बच्ची अपने ही घर में एक बक्से के पीछे रजाई से ढककर छुपी हुई थी।
परिजनों ने ली राहत की सांस, पुलिस की सराहना
इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन ने एक बार फिर बोकारो पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता को साबित किया है। परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए पुलिस का आभार जताया और पूरे अभियान की सराहना की।

