Bokaro: साइबर अपराध पर लगाम कसने के अभियान के तहत बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबिंब ऐप से प्राप्त इनपुट के आधार पर पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर 7 जुलाई 2026 को साइबर थाना, साइबर टीम एवं तकनीकी शाखा ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए संदिग्ध साइबर अपराधियों के खिलाफ छापेमारी की। इस दौरान चास के पटेलनगर निवासी रोहित कुमार दास और अंबेडकरपुरी निवासी अर्जुन कुमार दास को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में कबूला साइबर ठगी का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान साइबर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले कई उपकरण और दस्तावेज बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह में कई अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है।

व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर लोगों को बनाते थे निशाना
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी एक संगठित साइबर गिरोह के रूप में काम कर रहे थे। ये लोग व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर आपस में समन्वय करते थे और भोले-भाले लोगों को फोन कर खुद को कभी बैंककर्मी कभी क्रेडिट कार्ड कंपनी का कर्मचारी बताकर झांसे में लेते थे। इसी तरीके से लोगों से ठगी करने का प्रयास किया जाता था।
मोबाइल, सीम, बैंक पासबुक और नकदी जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से साइबर अपराध में प्रयुक्त कई सामान बरामद किए हैं। इनमें चार मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड, दो बैंक पासबुक, 9,400 रुपये नकद तथा मोबाइल नंबरों की एक सूची शामिल है। पुलिस के अनुसार इस सूची में उन लोगों के नंबर दर्ज थे, जिन्हें कॉल कर ठगी करने की योजना बनाई गई थी।
साइबर थाना में मामला दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
दोनों आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध थाना, बोकारो में कांड संख्या 23/2026, दिनांक 7 जुलाई 2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111, 318, 319, 338, 340 तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) एवं 66(D) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- रोहित कुमार दास (23 वर्ष), निवासी पटेलनगर, चास। स्थायी पता – दास मोहल्ला, कुर्रा, थाना पिंड्राजोरा, जिला बोकारो।
- अर्जुन कुमार दास (28 वर्ष), निवासी अंबेडकरपुरी, चास, जिला बोकारो।
बरामद सामान
- 4 मोबाइल फोन
- 5 सिम कार्ड
- 2 बैंक पासबुक
- 9,400 रुपये नकद
- मोबाइल नंबरों की सूची
- छापेमारी दल
इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) राम प्रवेश कुमार ने किया। अभियान में साइबर थाना के थाना प्रभारी अनिल कच्छप सहित साइबर टीम एवं तकनीकी शाखा के अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

