Bokaro : जिले के कसमार थाना क्षेत्र में बीएसएनएल टावर से 68 बैटरियों की चोरी के बहुचर्चित मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की गई चार सोलर बैटरियां बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, कसमार थाना क्षेत्र के ग्राम खुदीबेड़ा स्थित बीएसएनएल टावर से 23-24 अगस्त 2025 की रात अज्ञात अपराधियों ने 68 बैटरियां चोरी कर ली थीं। इस संबंध में टावर के गार्ड घलटू करमाली की शिकायत पर कसमार थाना कांड संख्या 71/2025, दिनांक 7 अक्टूबर 2025 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 334 एवं 305 (A) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 24 जुलाई 2026 को रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र के मुरपा निवासी अशोक यादव (पिता- कुलदीप यादव) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके आधार पर पुलिस ने चोरी की गई चार सोलर बैटरियां बरामद कर लीं।

पुलिस ने बताया कि इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी की शेष बैटरियों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


