Bokaro: चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कालापत्थर गांव में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने गांव के चार से पांच घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और जरूरी दस्तावेजों पर हाथ साफ कर दिया। वहीं, करीब आधा दर्जन अन्य घरों में चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही चास मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से सुराग जुटाए हैं और चोरों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीण परेशान
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले भी अज्ञात चोरों ने पुपुनकी गांव की एक कॉलोनी में बंद घर को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। उस मामले में भी अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। कालापत्थर पंचायत के मुखिया समेत स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि गरीब किसान और आम लोगों की मेहनत की कमाई और वर्षों से जमा किए गए सामान चोरी हो रहे हैं। पुलिस को जल्द कार्रवाई कर चोरों को गिरफ्तार करना चाहिए और चोरी गए सामान को बरामद करना चाहिए।
थाना प्रभारी बोले- जल्द गिरफ्त में होंगे चोर
चास मुफस्सिल थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में एक बार फिर कोई चोरी गिरोह सक्रिय हुआ है। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इन घरों में हुई चोरी, ग्रामीणों में बढ़ी चिंता
कालापत्थर निवासी लालदेव गोराई, तुलसी महतो, आशु गोराई और जगरनाथ महतो के घर चोरी की घटना हुई है। वहीं, सीनू गोप और बिनोद गोप के घरों में भी चोरी का प्रयास किया गया। लालदेव गोराई ने बताया कि चोर उनके घर से उनकी बेटी के करीब साढ़े पांच लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, 300 ग्राम चांदी, जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि जिस कमरे में परिवार के लोग सो रहे थे, चोरों ने उसे बाहर से बंद कर दिया था और उसके बाद चोरी की घटना को अंजाम दिया।
जेवरात, बर्तन और नकदी ले गए चोर
तुलसी महतो ने बताया कि रात करीब एक बजे के बाद चोरों ने उनके घर में प्रवेश किया। चोरों ने बेटी की सोने की चेन, कान की बाली, मंगलसूत्र, करीब 600 ग्राम चांदी, कांसा और पीतल के बर्तन सहित कई जरूरी कागजात चोरी कर लिए। वहीं, आशु गोराई के घर से चोरों ने करीब 10 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के कुछ आभूषण चोरी कर लिए। चोर घर में रखे दो बक्से भी उठा ले गए। बाद में एक बक्सा तालाब किनारे और दूसरा खेत में फेंका हुआ मिला। जगरनाथ महतो के घर का दरवाजा तोड़कर चोर अंदर घुसे और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
थाना नजदीक होने के बावजूद चोरी, ग्रामीणों ने उठाए सवाल
ग्रामीणों ने कहा कि गांव से थाना की दूरी महज आधा से एक किलोमीटर होने के बावजूद चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जो चिंता का विषय है। लोगों ने पुलिस से नियमित रात्रि गश्ती और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।


