Bokaro: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन में ग्रामीण क्षेत्र शहरी इलाकों से आगे निकलते नजर आ रहे हैं। जहां ग्रामीण क्षेत्रों में काम लगभग पूरा होने की स्थिति में पहुंच गया है, वहीं बोकारो स्टील सिटी और चास नगर निगम जैसे शहरी क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन की गति अभी लक्ष्य से पीछे है।

जरीडीह 99.84%, चास प्रखंड ने पूरा किया शत-प्रतिशत काम
36-बोकारो विधानसभा क्षेत्र में चल रहे SIR-2026 कार्यों की समीक्षा के दौरान सामने आया कि जरीडीह क्षेत्र ने 99.84 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया है। वहीं चास प्रखंड में गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण हो चुका है। ग्रामीण क्षेत्रों की यह प्रगति प्रशासन के लिए राहत देने वाली स्थिति मानी जा रही है।

शहरी क्षेत्रों में अभी बाकी है रफ्तार पकड़ना
समीक्षा में सामने आया कि शहरी क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन की गति अपेक्षाकृत धीमी रही है। बोकारो स्टील सिटी क्षेत्र में अब तक 85.63 प्रतिशत और चास नगर निगम क्षेत्र में 84.96 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा हुआ है। आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि इस बार SIR-2026 की दौड़ में ग्रामीण इलाके शहरी क्षेत्रों से आगे चल रहे हैं।
डीसी अजय नाथ झा ने की प्रगति की समीक्षा
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (DEO)-सह-उपायुक्त (DC) अजय नाथ झा ने 36-बोकारो विधानसभा क्षेत्र में चल रहे SIR-2026 कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की अद्यतन स्थिति की जानकारी निर्वाचन अधिकारियों से ली।
अधिकारियों से ली क्षेत्रवार रिपोर्ट
समीक्षा बैठक में निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO)-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, चास प्रांजल ढांडा और सभी सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों (AERO) से क्षेत्रवार प्रगति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की स्थिति से डीईओ को अवगत कराया।
लंबित कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश
डीईओ-सह-डीसी अजय नाथ झा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष बचे डिजिटाइजेशन कार्य को निर्धारित रणनीति के तहत जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कार्य पूरा हो चुका है, वहां के अधिकारी और कर्मी लंबित क्षेत्रों में सहयोग कर लक्ष्य को समय पर पूरा कराएं।
“समय सीमा के अंदर पूरा करें शेष काम”
“सभी लंबित डिजिटाइजेशन कार्य को तय समय सीमा के अंदर हर हाल में पूरा किया जाए। कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए किसी भी स्तर पर लंबित स्थिति नहीं रहनी चाहिए,” उपायुक्त अजय नाथ झा ने अधिकारियों को निर्देश दिया। उपायुक्त ने सभी AERO को नियमित मॉनिटरिंग करने और कार्यों की सतत समीक्षा करने का निर्देश दिया, ताकि SIR-2026 के तहत निर्धारित लक्ष्य को समय पर हासिल किया जा सके।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, AERO जरीडीह कुमार कनिष्क, AERO चास डॉ. प्रदीप कुमार, AERO बीएस सिटी सत्यबाला सिन्हा, AERO चास नगर निगम जया कुमारी, APRO अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

