बोकारो निवासी कॉमर्स ट्यूटर राजू शर्मा की उनके 16 वर्षीय बेटे अमृत ने बुधवार तड़के सोते समय कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज घटना उत्तर प्रदेश के नोएडा में हुई। हत्या के बाद किशोर सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पहुंचा और ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। पुलिस जांच में सामने आया कि अमृत हत्या के बाद करीब छह घंटे तक पिता के शव के साथ घर में रहा। उसने शव के पास राजू की तस्वीरें रखकर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी।

2005 से नोएडा में रह रहे थे राजू
राजू शर्मा बोकारो स्टील प्लांट के पास के रहने वाले थे। वह वर्ष 2005 से नोएडा में रहकर कॉमर्स की ट्यूशन पढ़ाते थे। करीब तीन महीने पहले वह 16 वर्षीय बेटे अमृत के साथ गढ़ी चौखंडी गांव में किराये के मकान में रहने आए थे। अमृत 11वीं कक्षा में पढ़ता था।
बेटे पर सख्ती को लेकर चर्चा
स्थानीय लोगों के अनुसार, राजू बेटे को घर से बाहर जाने नहीं देते थे। वह ट्यूशन पढ़ाने के लिए घर से निकलते समय अमृत को अंदर छोड़कर बाहर से ताला लगा देते थे। अमृत न तो ठीक से पढ़ाई कर रहा था और न ही उसके कोई दोस्त थे। पिता के सख्त व्यवहार और अकेलेपन के कारण वह परेशान रहता था। राजू के रिश्तेदारों से भी ज्यादा संपर्क नहीं थे।

2021 से पत्नी से अलग रह रहे थे
राजू वर्ष 2021 से अपनी पत्नी रूबी से अलग रह रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने रूबी और राजू के भाई अरुण से संपर्क किया। रूबी गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद बेटे अमृत का शव लेकर चली गईं। वहीं अरुण अपने भाई राजू की तलाश में जुटे रहे।
चाबियों से खुला बंद मकान
बुधवार को पुलिस को सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर अमृत के बैग से उसके और पिता के मोबाइल फोन के अलावा घर की चाबियों का गुच्छा मिला था। गुरुवार देर रात गढ़ी चौखंडी गांव स्थित मकान से बदबू आने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस अरुण को लेकर मौके पर पहुंची, लेकिन मकान पर ताला लगा था। अमृत के बैग से मिली चाबियों से ताला खोला गया।
शव के पास रखी थीं पिता की तस्वीरें
घर के अंदर बेड पर राजू का खून से लथपथ शव पड़ा था। शव के पास फ्रेम में राजू की दो तस्वीरें रखी थीं। पुलिस के अनुसार, तस्वीरों को इस तरह रखा गया था, जैसे हत्या के बाद अमृत ने पिता को श्रद्धांजलि दी हो। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और किशोर के इस कदम के पीछे पारिवारिक तनाव, पिता की सख्ती और अकेलेपन की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।


