Bokaro: त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले जरूरी रसोई सामान की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। बाजार में प्याज के दाम बढ़कर 50-55 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। वहीं चीनी और गुड़ की कीमतों में भी अचानक तेजी आई है। रोजमर्रा की जरूरत की इन वस्तुओं के महंगे होने से परिवारों के मासिक बजट पर सीधा असर पड़ने लगा है।

एक सप्ताह में चीनी के दाम में तेज उछाल
बाजार में चीनी की कीमत अब करीब 69-70 रुपये प्रति किलो हो गई है, जबकि एक सप्ताह पहले यह 50-55 रुपये प्रति किलो के आसपास बिक रही थी। इसी तरह गुड़ का भाव भी लगभग 60 रुपये से बढ़कर 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। खुदरा कारोबारियों का कहना है कि थोक बाजार से महंगे दाम पर माल मिलने के कारण उन्हें खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी करनी पड़ रही है।
प्याज ने भी बढ़ाई परेशानी
बाजार में प्याज की कीमत कुछ समय पहले करीब 40 रुपये प्रति किलो थी। इसके बाद भाव बढ़कर 50 रुपये और अब खुदरा बाजार में 55 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। विक्रेता संतोष कुमार ने बताया कि कम समय में प्याज की कीमत में हुई इस बढ़ोतरी का असर ग्राहकों की खरीदारी पर साफ दिखाई दे रहा है। घरों के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट संचालकों पर भी इसका अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

थोक बाजार की महंगाई का असर
खुदरा कारोबारी संदीप कुमार ने कहा, “थोक बाजार से गुड़ और चीनी हमें महंगे दाम पर मिल रहे हैं। इसी वजह से खुदरा कीमतें बढ़ानी पड़ रही हैं। त्योहार नजदीक होने के कारण ग्राहकों पर इसका दबाव और अधिक महसूस हो रहा है।”
त्योहारों में मिठाई भी हो सकती है महंगी
प्याज, चीनी और गुड़ रोजमर्रा की रसोई का अहम हिस्सा हैं। चाय, नाश्ते से लेकर मिठाइयों और अन्य पकवानों तक इनका इस्तेमाल होता है। ऐसे में त्योहारों के दौरान इनकी मांग बढ़ने पर कीमतों में और उछाल आने की आशंका से उपभोक्ता चिंतित हैं। मिठाई कारोबारियों की लागत बढ़ने पर इसका असर मिठाइयों की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
गृहस्थी चलाना हुआ मुश्किल
शिक्षिका रुचिका कुमारी ने कहा, “प्याज और चीनी रोजमर्रा की जरूरत हैं। इनके दाम बढ़ने से महीने का घरेलू बजट संभालना मुश्किल हो जाता है। अगर कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं तो परिवारों को दूसरी जरूरतों पर खर्च कम करना पड़ेगा।”
सेक्टर-2 निवासी वर्षा कुमारी ने कहा, “चीनी करीब 70 रुपये किलो पहुंच गई है, जिसका सीधा असर आम परिवारों पर पड़ रहा है। पहले जितनी मात्रा में राशन खरीदते थे, अब उतनी खरीदारी करना मुश्किल हो रहा है। त्योहार की तैयारियां भी महंगी पड़ेंगी।”
त्योहार से पहले राहत की उम्मीद
सुजीत ने कहा, “त्योहार करीब हैं और इसी समय कीमतों में बढ़ोतरी चिंता का विषय है। घर में चाय से लेकर मिठाई बनाने तक चीनी और गुड़ की जरूरत पड़ती है। बढ़े दाम से घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है और मिठाइयां भी महंगी हो सकती हैं।”
प्याज, चीनी और गुड़ के लगातार बढ़ते दामों ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। अब लोगों को उम्मीद है कि त्योहारी खरीदारी का दबाव बढ़ने से पहले कीमतों पर नियंत्रण होगा और उन्हें कुछ राहत मिलेगी।


