Bokaro: मंगलवार की शाम NH-23 पर एक परिवार की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। जरीडीह थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के पास करीब चार बजे ट्रक और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में बाइक सवार वनकर्मी राजकुमार चक्रवर्ती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

सफर का दर्दनाक अंत
मृतक राजकुमार चक्रवर्ती फुसरो क्षेत्र के तातरी गांव के रहने वाले थे और वन विभाग में कर्मी के पद पर कार्यरत थे। बताया गया कि वह मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि राजकुमार को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसा देख ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना के बाद बहादुरपुर और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सामने हुई मौत ने लोगों को झकझोर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-23 को जाम कर दिया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और सड़क पर आवागमन थम गया। लोगों में हादसे को लेकर गहरा आक्रोश नजर आया।

पुलिस पहुंची, बातचीत के बाद खुला हाईवे
सड़क जाम की सूचना मिलते ही जरीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के साथ ग्रामीणों से बातचीत शुरू की। काफी देर तक समझाने-बुझाने और मान-मनौव्वल के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। इसके बाद NH-23 पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
