Bokaro: साइबर अपराध और महिला से जुड़े गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को बोकारो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बालीडीह थाना कांड के प्राथमिकी अभियुक्त राजा बाबू दास को पुलिस ने गुरुवार को चास थाना क्षेत्र के धर्मशाला मोड़ से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

महिला का आपत्तिजनक वीडियो-फोटो वायरल करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, राजा बाबू दास पर सूचना प्रौद्योगिकी (IT) का दुरुपयोग कर एक महिला का आपत्तिजनक वीडियो और फोटो वायरल करने का आरोप है। इस संबंध में बालीडीह थाना में 5 मई 2026 को मामला दर्ज किया गया था। मामले में BNS 2023 की धारा के साथ-साथ Information Technology Act की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
तकनीकी साक्ष्यों से हुई आरोप की पुष्टि
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान जुटाए गए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद से पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी।

धर्मशाला मोड़ से पुलिस ने दबोचा
लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने गुरुवार को चास थाना क्षेत्र के धर्मशाला मोड़ पर कार्रवाई करते हुए राजा बाबू दास को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान निवासी ब्राह्मणलगला, थाना चंदनकियारी, जिला बोकारो के रूप में हुई है। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
