Bokaro: सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह कूलिंग पोंड से 20 वर्षीय युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सेक्टर-9 स्टेट निवासी रोहन कालिंदी के रूप में हुई है। वह सिटी कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई कर रहा था और परिवार का सबसे छोटा सदस्य था।

गश्त के दौरान मिली शव की सूचना
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह टाइगर मोबाइल के जवान इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने कूलिंग पोंड में एक युवक का शव पानी में तैरता देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया।
रात से बंद था मोबाइल फोन
परिजनों के अनुसार, रोहन गुरुवार शाम करीब सात बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह कुछ देर घूमने जा रहा है। रात करीब नौ बजे खाना खाने के लिए जब परिजनों ने उसे फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

पोंड के पास मिली टोपी और चप्पल
मृतक के मामा आशिक कालिंदी ने कहा कि शुक्रवार सुबह तलाश के दौरान कूलिंग पोंड के पास रोहन की टोपी और चप्पल रखी मिली। काफी खोजबीन के बाद पोंड में कुछ दूर काला सा दिखाई दिया। इसके बाद तैरना जानने वाले युवकों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
मामा के घर भी आता-जाता था रोहन
रोहन के मामा अशोक कालिंदी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह थोड़ा परेशान रहता था और घर में भी ज्यादा बातचीत नहीं करता था। ऐसे समय में वह उनके घर आ जाता था। उन्होंने बताया कि रोहन चार दिन पहले भी उनके घर आया था और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सामान्य रूप से रह रहा था।
पुलिस ने शुरू की जांच
सेक्टर-4 थाना के एसआई एमए हुल्क ने बताया कि फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
