Bokaro: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने शुक्रवार को वीडियो संवाद के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) से सुनवाई कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।

सुनवाई मामलों की प्रगति की ली जानकारी
उपायुक्त ने निर्धारित एवं निष्पादित सुनवाई मामलों के साथ नॉन-मैपिंग और एनामली श्रेणी के मामलों की भी समीक्षा की। उन्होंने सुनवाई के दौरान सामने आ रहे मामलों और दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुनवाई प्रक्रिया से ही होगा मामलों का निष्पादन
उपायुक्त ने कहा कि दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने वाले नॉन-मैपिंग मामलों में पहले एईआरओ स्तर पर सुनवाई की जाए। इसके बाद जरूरत के अनुसार ईआरओ और जिला निर्वाचन पदाधिकारी स्तर पर सुनवाई के लिए मामले अग्रसारित किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामलों का निष्पादन निर्धारित सुनवाई प्रक्रिया के माध्यम से ही किया जाएगा।

लंबित न्यायालयी मामलों की भी हुई समीक्षा
बैठक में विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों, सितंबर माह के कंटेम्प्ट मामलों, एसओएफ, डब्ल्यूपीएस समेत अन्य मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को लंबित मामलों में अविलंब एसओएफ उपलब्ध कराने और प्रत्येक शुक्रवार वीडियो संवाद से समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।
छूटे पात्र नए मतदाताओं का भरवाएं प्रपत्र-6
उपायुक्त ने एसआईआर-2026 के दौरान छूटे सभी पात्र नए मतदाताओं को सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र नागरिकों का प्रपत्र-6 भरवाने का निर्देश दिया, ताकि कोई पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
सिख दंगा और जनगणना कार्यों की भी समीक्षा
बैठक में सिख दंगा मामलों तथा जनगणना कार्यों की भी समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की अद्यतन स्थिति उपलब्ध कराने और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। मौके पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, एपीआरओ अविनाश कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
