Bokaro: जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और मुख्य सड़कों पर बढ़ती अनधिकृत पार्किंग पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला सड़क सुरक्षा समिति अजय नाथ झा ने गुरुवार को सड़क सुरक्षा को लेकर हुई बैठक में NH-23 और NH-32 पर अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

अनधिकृत पार्किंग पर नोटिस के बाद कार्रवाई
बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि NH-23 और NH-32 पर सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों को चिन्हित कर पहले नोटिस जारी किया जाए और इसके बाद नियमों के तहत कार्रवाई की जाए। लगातार मुख्य सड़क पर पार्किंग करने वाले वाहनों को चिन्हित कर ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
व्हाट्सऐप ग्रुप से होगी मॉनिटरिंग
सड़क पर खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए एनएचएआई धनबाद के परियोजना निदेशक को एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया गया। इसमें जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक, यातायात डीएसपी और यातायात पुलिस निरीक्षक को शामिल किया जाएगा। इसके जरिए अनधिकृत पार्किंग की सूचना और कार्रवाई में तेजी लाने की व्यवस्था की जाएगी।

अतिक्रमण टास्क फोर्स भी करेगा कार्रवाई
उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी और यातायात डीएसपी को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुरूप गठित जिला अतिक्रमण टास्क फोर्स के माध्यम से भी मुख्य सड़कों पर अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में एसपी नाथू सिंह मीणा और मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार मौजूद रहे। जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज समेत सड़क सुरक्षा टीम और संबंधित अधिकारी वीडियो संवाद के माध्यम से जुड़े। प्रशासन का कहना है कि अनधिकृत पार्किंग पर नियंत्रण से यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम करने में मदद मिलेगी।
