Bokaro: सोमवार को जैप-04 ग्राउंड परिसर में आयोजित 23वीं झारखंड सशस्त्र पुलिस क्षेत्रीय शूटिंग प्रतियोगिता-2026 का समापन समारोह हुआ। मुख्य अतिथि उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा रहे। उपायुक्त अजय नाथ झा और उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार भी मौजूद रहीं।

विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति-पत्र से किया सम्मानित
समारोह में विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेताओं और प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को उनके प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

निरंतर अभ्यास और अनुशासन से मिलती है सफलता
आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि शूटिंग में सफलता के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन, एकाग्रता और मेहनत जरूरी है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजक टीम को बधाई दी और सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।

पुलिसकर्मियों के लिए फिटनेस बेहद जरूरी
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक दृढ़ता भी आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव आता है और नियमित फिटनेस का आकलन भी होता है।
महिला पुलिसकर्मियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर
डीसी ने अगली प्रतियोगिताओं में अधिक महिला पुलिसकर्मियों की भागीदारी की अपेक्षा जताई। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से स्वास्थ्य और फिटनेस पर ध्यान देते हुए हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
