Bokaro: गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को बोकारो जिले की सभी 249 पंचायतों में विशेष ग्राम सभा सह रिफॉर्म उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान पंचायतों को खुशहाल, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए ग्रामीणों की भागीदारी पर जोर दिया गया।

पिंड्राजोरा पंचायत में अधिकारियों ने लिया भाग
पिंड्राजोरा पंचायत सचिवालय सभागार में आयोजित ग्राम सभा में उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा और उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार शामिल हुए। अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ पंचायत के समग्र विकास, महिला सुरक्षा, नशामुक्ति, जल संरक्षण और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
विकास योजनाओं में ग्रामीणों की भागीदारी जरूरी
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि ग्राम सभा गांव की जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाएं तैयार करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने के साथ पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया। स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए थाना प्रभारी और बीडीओ को पंचायत में कैंप लगाने की बात भी कही।

नशामुक्ति और सुरक्षा पर एसपी ने दिया जोर
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने कहा कि गांवों में सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए प्रशासन के साथ ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नशापान से होने वाली घरेलू हिंसा, अपराध और सड़क दुर्घटनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज बनाने की अपील की।
जल संरक्षण और महिला स्वास्थ्य को प्राथमिकता
डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और जल स्रोतों के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने पंचायत भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था तथा महिला स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। मौके पर पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
