Bokaro: ज़िले के चास थाना क्षेत्र के तेलीडीह के समीप देव मार्केट में रविवार अहले सुबह एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रियांशु के रूप में हुई है। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में चौथी मंजिल से नीचे गिरा, इसका स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। चास थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह के अनुसार, प्रियांशु मोबाइल पर गेम खेलने में काफी समय बिताता था और कई बार गेम खेलते हुए इतना आक्रोशित हो जाता था कि मोबाइल तक फेंक देता था।

स्कूल नहीं जाता था, रहता था गुमसुम
चास थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रियांशु नियमित रूप से स्कूल नहीं जाता था और ज्यादातर समय शांत व गुमसुम रहता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक के चौथी मंजिल से गिरने की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
Secundrabad में काम करते हैं पिता
प्रियांशु के पिता Secundrabad में काम करते हैं और रोजगार के कारण घर से दूर रहते हैं। परिवार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के श्रीपुर, जयपुर का रहने वाला है। पिछले करीब ढाई वर्षों से प्रियांशु अपनी मां के साथ तेलीडीह स्थित देव मार्केट में किराये के मकान की चौथी मंजिल पर रह रहा था।

मां से कहा- घूमने जा रहा हूं
परिजनों के मुताबिक, रविवार सुबह प्रियांशु सोकर उठा और मां से कहा कि वह घूमने जा रहा है। इसके बाद उसकी मां दोबारा सो गईं। कुछ देर बाद परिवार को उसके छत से नीचे गिरने की सूचना मिली। मृतक के मौसा प्रबल कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे, जहां मकान मालिक ने प्रियांशु की मौत की जानकारी दी।
खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था युवक
प्रियांशु खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा था। एक पड़ोसी ने बताया कि सुबह करीब पांच से साढ़े पांच बजे के बीच अचानक तेज आवाज सुनाई दी। उन्होंने और उनकी पत्नी ने आवाज का कारण जानने की कोशिश की, लेकिन तत्काल कुछ पता नहीं चला। बाद में घर का गेट खोलने पर युवक को जमीन पर घायल अवस्था में पड़ा देखा गया। इसके बाद मकान मालिक को सूचना देने के साथ पुलिस को भी जानकारी दी गई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चास अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों के अनुसार प्रियंशु शांत स्वभाव का था और उसका किसी से कोई विवाद नहीं था।
