Bokaro: एसआईआर-2026 के तहत शनिवार, 10 अक्टूबर को बोकारो जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सहायता मेगा हेल्प डेस्क कैंप आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार शाम जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) के साथ बैठक की।

सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की उपस्थिति अनिवार्य
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। कैंप में मतदाताओं को मतदाता सूची से संबंधित फॉर्म-6, 7 और 8 भरने तथा आवश्यक प्रक्रियाओं में सहायता दी जाएगी।
अनुपस्थित कर्मियों पर होगी कार्रवाई
डीईओ-सह-डीसी ने सभी ERO और AERO को अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर कैंप की व्यवस्थाओं की निगरानी करने का निर्देश दिया। बीएलओ की सहायता के लिए जेएसएलपीएस की दीदियों को टैग किया जाएगा। कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए फ्लाइंग स्क्वाड टीमें भी गठित की गई हैं। निर्धारित समय पर अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ होंगे सम्मानित
उपायुक्त ने कैंप का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और गतिविधियों की नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची से जुड़ी सेवाएं सुलभ कराना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक छूटने न पाए।
