Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के प्रोजेक्ट्स विभाग ने कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने के लिए ‘हर स्तर संवाद’ पहल शुरू की है। इसके तहत साइट पर कार्यरत संविदा कर्मियों से लेकर शीर्ष प्रबंधन तक सीधा संवाद स्थापित कर सुरक्षा संबंधी समस्याओं, संभावित जोखिमों और सुधार के सुझावों पर चर्चा की जा रही है।

टूलबॉक्स टॉक और समीक्षा बैठकों से बढ़ेगी भागीदारी
पहल के अंतर्गत साइट स्तर पर दैनिक टूलबॉक्स टॉक, ठेकेदारों एवं सुपरवाइजरों के साथ मासिक समीक्षा बैठक तथा विभागीय स्तर पर साप्ताहिक सहभागिता सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने, जोखिमों की समय पर पहचान करने और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
शीर्ष प्रबंधन के साथ संविदा कर्मियों का सीधा संवाद
9 अक्टूबर 2026 को अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं) के सम्मेलन कक्ष में संवाद सत्र आयोजित किया गया। इसमें कोक ओवन क्षेत्र में कार्यरत संविदा कर्मियों ने अपने अनुभव, सुरक्षा संबंधी मुद्दे और सुझाव सीधे प्रबंधन के समक्ष रखे। सत्र में अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं), मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं), प्रोजेक्ट्स विभाग के मुख्य महाप्रबंधक तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

शून्य दुर्घटना के लक्ष्य पर जोर
संवाद के दौरान सुरक्षा को निरंतर बातचीत, सक्रिय भागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी से जुड़ी प्रक्रिया बताया गया। ‘हर स्तर संवाद’ पहल का उद्देश्य सुरक्षा संबंधी मुद्दों का समयबद्ध निराकरण कर प्रत्येक कार्मिक के लिए सुरक्षित एवं स्वस्थ कार्यस्थल सुनिश्चित करना और बीएसएल के शून्य दुर्घटना लक्ष्य को हासिल करने में योगदान देना है।
