Bokaro: विस्थापित युवाओं के नियोजन की मांग को लेकर बोकारो में आंदोलन तेज होता जा रहा है। सोमवार शाम विस्थापित अप्रेंटिस संघ (VAS) के सदस्यों और प्रभावित परिवारों ने टू टैंक गार्डन धरनास्थल से एडीएम बिल्डिंग तक कैंडल मार्च निकालकर बोकारो स्टील प्लांट (BSL) प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए विस्थापित परिवारों के लिए रोजगार, सम्मान और अधिकार की मांग उठाई।
विधायक श्वेता सिंह समेत कई लोग हुए शामिल
कैंडल मार्च में बोकारो विधायक श्वेता सिंह, मेयर भोलू पासवान, विस्थापित नेता और प्रभावित परिवारों के सदस्य शामिल हुए। सभी ने विस्थापित अप्रेंटिस संघ के आंदोलन के प्रति समर्थन जताया। मार्च में वर्ष 2025 के आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले प्रेम प्रसाद की मां गोमती देवी की मौजूदगी ने प्रदर्शन को भावुक बना दिया।

जमीन गई, प्रशिक्षण लिया, फिर भी रोजगार का इंतजार
विस्थापितों की प्रमुख मांग उन युवाओं को नियोजन देने की है, जिनकी जमीन बोकारो स्टील प्लांट की स्थापना के लिए अधिग्रहित की गई थी और जिन्होंने बीएसएल में अप्रेंटिस प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विस्थापित परिवार लंबे समय से अपने अधिकारों और रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का अब तक ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
भूख हड़ताल के समर्थन में निकाला कैंडल मार्च
टू टैंक गार्डन में विस्थापित अप्रेंटिस संघ और प्रभावित परिवारों की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी है। कैंडल मार्च के जरिए आंदोलनकारियों ने बीएसएल प्रबंधन का ध्यान भूख हड़ताल पर बैठे लोगों की मांगों और उनकी स्थिति की ओर खींचने की कोशिश की।
विधायक श्वेता सिंह ने विस्थापितों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और न्याय सुनिश्चित करने की जरूरत है। उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे लोगों की स्थिति को नजरअंदाज करने के बजाय संवाद के माध्यम से समाधान निकालने पर जोर दिया।
प्रबंधन की पहल पर टिकी निगाहें
कैंडल मार्च के जरिए विस्थापितों ने प्रबंधन से उनकी लंबित मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने की अपील की। रोजगार और नियोजन की मांग को लेकर जारी इस आंदोलन के बीच अब सबकी निगाहें बीएसएल प्रबंधन की अगली पहल पर टिकी हैं।
