Bokaro: जरीडीह थाना क्षेत्र में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। घायलों में एक युवक की आंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) में भर्ती कराया गया है।


रॉन्ग साइड में खड़े खराब ट्रक से टकराईं कारें
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी युवक दो कारों में सवार होकर जैनामोड़ से बालीडीह जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर रॉन्ग साइड में खड़े एक खराब ट्रक से कारों की टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक की पार्किंग लाइट बंद थी, जिसके कारण चालक को ट्रक दिखाई नहीं दिया और दुर्घटना हो गई।
शिवम कुमार की मौत, सभी घायल बालीडीह क्षेत्र के निवासी
इस हादसे में शिवम कुमार नामक युवक की मौत हो गई। वहीं, छह अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी युवक बालीडीह थाना क्षेत्र के कुर्मी डीह बाजार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद सड़क पर खराब वाहनों को बिना उचित सुरक्षा इंतजाम के खड़ा करने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर पुलिस की निगरानी और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
