Bokaro: पैतृक जमीन पर अधिकार और न्याय की मांग को लेकर समाहरणालय के समीप अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे एक परिवार ने उपायुक्त अजय नाथ झा से बातचीत और आश्वासन मिलने के बाद अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। शुक्रवार को समाहरणालय से निकलते समय उपायुक्त ने धरना स्थल पर रुककर परिजनों की समस्याएं सुनीं और मामले की जानकारी ली।


भवानीपुर मौजा की जमीन पर विवाद
परिजनों ने चास अंचल के भवानीपुर मौजा स्थित अपनी पैतृक जमीन, खाता संख्या-13 पर कथित रूप से जबरन बाउंड्री निर्माण और जेसीबी चलाए जाने को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने अपनी जमीन पर अधिकार की रक्षा और न्याय दिलाने की मांग की।
सिविल न्यायालय में मामला ले जाने की दी सलाह
उपायुक्त ने परिजनों को बताया कि जमीन से जुड़े विवाद का निष्पादन सिविल न्यायालय के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने न्यायालय की प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील की। साथ ही, मामले से संबंधित तथ्यों और दस्तावेजों की जानकारी लेने के लिए परिजनों को अगले दिन आवश्यक कागजात के साथ अपने कार्यालय कक्ष में उपस्थित होने को कहा।

विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसका समुचित निर्वहन किया जाएगा। बातचीत और आश्वासन के बाद परिवार ने भूख हड़ताल समाप्त कर दी। जमीन विवाद का निष्पादन सक्षम न्यायालय की प्रक्रिया के अनुरूप किया जाएगा।
