Bokaro: कोयला चोरी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और सीसीएल सुरक्षा विभाग ने अमलो एरिया में संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान बेरमो थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमलो के समीप 5 नंबर पीपल धोरा बस्ती में छापेमारी कर 86.905 टन अवैध कच्चा कोयला जब्त किया गया। जब्त कोयले को आगे की कार्रवाई के लिए सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया।


गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी
सीआईएसएफ सीसीएल करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह को सूत्रों से सूचना मिली थी कि पीपल धोरा बस्ती में कोयला चोरों ने अवैध रूप से बड़ी मात्रा में कोयला जमा कर रखा है। सूचना मिलने के बाद सीआईएसएफ क्राइम ब्रांच ने मामले की पुष्टि की। इसके बाद संबंधित महाप्रबंधक राजीव कुमार सिंह को जानकारी दी गई और छापेमारी के लिए आवश्यक वाहनों तथा जेसीबी की व्यवस्था की गई।
ड्रोन सर्विलांस से मिली अहम जानकारी
कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने चिह्नित क्षेत्र में छापेमारी की। अभियान में ड्रोन सर्विलांस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ड्रोन के जरिए इलाके की निगरानी कर संदिग्ध गतिविधियों और अवैध रूप से जमा कोयले से जुड़े इनपुट जुटाए गए। इन जानकारियों के आधार पर छापेमारी को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया गया।

श्वान दस्ते की मदद से संदिग्ध स्थानों की तलाशी
कार्रवाई के दौरान सीआईएसएफ के प्रशिक्षित श्वान दस्ते की भी सहायता ली गई। श्वान दस्ते ने संदिग्ध स्थानों की सघन जांच और तलाशी में सहयोग किया। ड्रोन निगरानी, प्रशिक्षित श्वान दस्ते और त्वरित कार्रवाई के समन्वय से अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
CISF की टीम में शामिल रहे अधिकारी और जवान
छापेमारी दल में सहायक कमांडेंट वर्पे सार्थक बाबाजी, इंस्पेक्टर रवि रंजन, आर.के. सरोज, सब-इंस्पेक्टर संतोष तिवारी, अमित कुमार, सीआईएसएफ क्यूआरटी टीम के सदस्य और अन्य जवान शामिल थे।
अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया कि कोयला चोरी और अवैध कोयला कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। सुरक्षा बल ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई तेज रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
