बोकारो : गोमिया प्रखंड के पचमो स्थित केबीपी ओसीपी में आंतरिक संपर्क सड़क एवं कोयला प्रेषण से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं के विकास को लेकर गुरुवार को उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में बैठक हुई। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में सीसीएल प्रबंधन ने परियोजना की वर्तमान स्थिति, प्रस्तावित सड़क, कोल स्टॉक यार्ड और भूमि की उपलब्धता की जानकारी दी। इस दौरान प्रशासनिक सहयोग एवं विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर चर्चा हुई।
सड़क निर्माण से पहले हाथी कॉरिडोर का होगा सर्वेक्षण
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रस्तावित सड़क एवं कोल स्टॉक यार्ड के निर्माण से पहले विस्तृत सर्वेक्षण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य से हाथियों के पारंपरिक आवागमन मार्ग और संभावित एलिफेंट कॉरिडोर प्रभावित नहीं होने चाहिए। प्राकृतिक जल प्रवाह और नदी-नालों की निकासी भी बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया या मान्यता प्राप्त एजेंसी से सर्वे कराने तथा आवश्यक स्थानों पर कल्वर्ट निर्माण की योजना तैयार करने को कहा। सर्वेक्षण में वन विभाग और जिला प्रशासन की टीम शामिल होगी।

माइंस क्लोजर और पौधरोपण पर रहेगा विशेष जोर
उपायुक्त ने खनन के साथ-साथ माइंस क्लोजर की प्रक्रिया भी समानांतर चलाने का निर्देश दिया। इसके लिए जिला स्तरीय समिति गठित होगी, जो पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय लोगों की आजीविका से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करेगी। पौधरोपण में स्थानीय वन प्रजातियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

सीएसआर योजनाओं को जिला स्तर पर मिलेगी मंजूरी
सीसीएल की सीएसआर गतिविधियों का जिला स्तरीय समिति से अनुमोदन अनिवार्य करने का निर्देश दिया गया। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और स्वच्छता से जुड़ी योजनाएं जिले की प्राथमिकताओं के अनुरूप संचालित होंगी। इसके लिए मासिक बैठक और प्रत्येक तीन माह पर जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, वन पदाधिकारी संदीप शिंदे सहित सीसीएल एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
