Bokaro: धनतेरस की शाम नावाडीह थाना क्षेत्र के अरहाडीह पंचायत में बाइक सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने एक आभूषण व्यवसायी को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के गहने लूट लिए।
सुनसान मैदान के पास घेरकर की लूट
नावाडीह प्रखंड के बोदरो निवासी रिंकू स्वर्णकार निमियाघाट थाना क्षेत्र के पोडदाग में आभूषण की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार को दुकान बंद कर बाइक से घर लौटने के दौरान अरहाडीह पंचायत के एक सुनसान मैदान के पास तीन नकाबपोश अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। व्यवसायी के अनुसार, अपराधियों ने पहले उनके साथ गाली-गलौज की।

आधा किलो चांदी और सोने के गहने लूटे
इसके बाद अपराधी उनके पास मौजूद आभूषण लूटकर फरार हो गए। रिंकू स्वर्णकार के मुताबिक, लूटे गए सामान में करीब आधा किलो चांदी, 13 जोड़ी पायल और पांच ग्राम सोने के आभूषण शामिल हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पीड़ित व्यवसायी ने नावाडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छानबीन कर रही है।
