Bokaro : छठ महापर्व को लेकर बोकारो में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए इस बार घाटों, वहां तक पहुंचने वाले रास्तों और आसपास के इलाकों में रोशनी की विशेष व्यवस्था की जा रही है। शाम और सुबह अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

10 छठ घाटों पर लगेंगी 450 फ्लड लाइट
बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के एक अधिकारी के अनुसार, टाउनशिप के 10 छठ घाटों पर 450 फ्लड लाइट और करीब 1.5 लाख सजावटी झालरें लगाई जा रही हैं। इससे छठ घाटों के साथ आसपास के इलाके भी रोशनी से जगमगाएंगे।

प्रमुख घाटों पर तैयारियां पूरी
सिटी पार्क, सूर्य सरोवर और सूर्य मंदिर समेत टाउनशिप के प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और सजावट का काम पूरा कर लिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम और रोशनी की व्यवस्था की गई है। वहीं, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की योजना बनाई गई है।

सुरक्षा और स्वच्छता पर प्रशासन का जोर
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय से तैयारियों में जुटे हैं। उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिलेवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए श्रद्धालुओं से आस्था और भक्ति के साथ सुरक्षा एवं स्वच्छता का भी ध्यान रखने की अपील की है।
उन्होंने श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से बचने, बिजली के उपकरणों और तारों के आसपास सतर्क रहने तथा बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उपायुक्त ने पूजा सामग्री और अन्य कचरे को जलाशयों में नहीं फेंकने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की।
