Bokaro: जिला कल्याण विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन में हो रही देरी को लेकर उपायुक्त अजय नाथ झा ने सख्ती दिखाई है। मंगलवार को समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को अगले तीन दिनों के भीतर योजनाओं की प्रगति तेज करने और लंबित कार्यों के निष्पादन के लिए ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया।

आवंटन, खर्च और लंबित योजनाओं का लिया हिसाब
बैठक में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति भुगतान, धूमकुड़िया भवन निर्माण, कब्रिस्तान की घेराबंदी एवं सौंदर्यीकरण, साइकिल वितरण और सरना स्थल से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई। डीसी ने वित्तीय वर्षवार योजनाओं की स्थिति, प्राप्त आवंटन, अब तक हुए खर्च और शेष राशि की जानकारी ली। साथ ही पूर्ण, अपूर्ण और शुरू नहीं हुए कार्यों का ब्योरा भी प्राप्त किया।

छात्रवृत्ति भुगतान में अनावश्यक देरी नहीं हो
उपायुक्त ने पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति विद्यार्थियों की शिक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। पात्र विद्यार्थियों को समय पर इसका लाभ मिलना चाहिए। भुगतान प्रक्रिया में किसी तरह की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लापरवाही पर होगी जवाबदेही तय
डीसी ने कहा कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से नियमित मॉनिटरिंग करें और कार्यों की जवाबदेही सुनिश्चित करें। बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला कल्याण पदाधिकारी सुचिता किरण समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
