बोकारो: कोयले के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बेरमो के करगली क्षेत्र में कार्रवाई तेज कर दी है। ‘जीरो कोल लीकेज’ अभियान के तहत CISF ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 38.820 टन अवैध कोयला बरामद किया है। इसके अलावा कोयला लदी एक संदिग्ध पिकअप वैन को भी जब्त किया गया है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

बैदकारो माइंस में छापेमारी, 38.820 टन कोयला बरामद
CISF कमांडेंट राजप्रताप सिंह के निर्देश पर B&K एरिया अंतर्गत DCCPL बैदकारो माइंस क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की गई। उप कमांडेंट गारा अभिलाष और सहायक कमांडेंट धनंजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में CISF रेड टीम, आसूचना कर्मियों तथा CCL के सुरक्षाकर्मियों ने इस अभियान को अंजाम दिया।

छापेमारी के दौरान बैदकारो माइंस के विभिन्न स्थानों पर अवैध रूप से भंडारित 38.820 टन कोयला बरामद किया गया। बरामद कोयले को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए CCL प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया।

खेतको से कोयला तस्करी की सूचना पर एरिया डोमिनेशन
दूसरी कार्रवाई खेतको बस्ती से अवैध कोयला परिवहन की सूचना मिलने के बाद की गई। CISF ने चरकपनिया, खेतको, चलकारी, ढोरी खास और कल्याणी समेत संवेदनशील इलाकों में एरिया डोमिनेशन और एम्बुश अभियान चलाया।
इसी दौरान तड़के करीब 3:50 बजे ढोरी खास के पास खेतको की ओर से आ रही एक संदिग्ध पिकअप वैन (JH 01CL 3168) को रोकने का प्रयास किया गया। CISF जवानों को देखते ही चालक वाहन को सड़क पर छोड़कर फरार हो गया।
विरोध के बावजूद जवानों ने जब्त की कोयला लदी पिकअप
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें कोयला लदा मिला। इसके अवैध परिवहन की आशंका जताई गई है। कार्रवाई के दौरान करीब 20 से 40 स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और विरोध करने लगे। हालांकि छापेमारी दल में शामिल जवानों ने संयम और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए स्थिति को नियंत्रित रखा।
इसके बाद पिकअप वैन और उसमें लदे कोयले को सुरक्षित रूप से जब्त कर लिया गया। वाहन से बरामद कोयले की मात्रा और कीमत का आकलन CCL प्रबंधन की ओर से किया जा रहा है।
MMDR Act के तहत कानूनी कार्रवाई की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (MMDR Act) के प्रावधानों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
CISF की लगातार छापेमारी और निगरानी से कोयले के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के बीच बेचैनी बढ़ गई है। बल ने स्पष्ट किया है कि कोयले की अवैध निकासी और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
