Bokaro: बोकारो स्टील सिटी के भतुआ स्थित दामोदर क्षेत्र में अवैध बालू खनन पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त छापेमारी में भारी मात्रा में बालू जब्त की गई। बीएसएल अधिकारियों को तलब करते हुए उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है। अवैध खनन व अतिक्रमण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाने की बात कही जा रही है।लेकिन क्या इस बार यह प्रयास सफल होगा या फिर पहले की तरह बालू का यह अवैध कारोबार और फलता-फूलता रहेगा ?

दामोदर किनारे बालू माफियाओं का साम्राज्य ! प्रशासन बेखबर या बेबस ?
सूत्रों के अनुसार भतुआ क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन जारी है, जहां करीब छह जेसीबी मशीनें खुदाई में लगी हैं और 100 से अधिक ट्रैक्टर बालू की ढुलाई कर रहे हैं। यह इलाका हरला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है और यहां से सैकड़ों ट्रैक्टर अवैध बालू लेकर सेक्टर-6, सेक्टर-4, सिटी, मुफ्फसिल, चीरा चास, सेक्टर-12 समेत अन्य थाना क्षेत्रों से बेखौफ गुजरते हुए पूरे बोकारो टाउनशिप और आसपास के क्षेत्रों में आपूर्ति कर रहे हैं। जिस जमीन पर खनन हो रहा है वह अधिकांशतः बीएसएल तथा आंशिक रूप से वन विभाग की बताई जाती है, जबकि दामोदर नदी क्षेत्र माइनिंग विभाग के अधीन आता है। जिला माइनिंग टास्क फोर्स की मौजूदगी के बावजूद कथित रूप से यह अवैध कारोबार धड़ल्ले से जारी है, जिससे राज्य को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। पिछले चार वर्षों में माइनिंग विभाग द्वारा 14 से अधिक एफआईआर दर्ज कर कई ट्रैक्टर और एक जेसीबी जब्त किए जाने की बात कही जाती है, लेकिन इसके बावजूद अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी है। हालात ऐसे हैं कि कई एकड़ में फैला यह इलाका अवैध ओपन कास्ट खदान का रूप ले चुका है और स्थानीय लोग खनन माफियाओं के भय में जी रहे हैं।
पूर्व में भी मिली थी अवैध खनन और अतिक्रमण की शिकायत
16 फरवरी 2026 को प्राप्त प्रतिवेदन में क्षेत्र में अवैध खनन और अतिक्रमण की पुष्टि की गई थी। इससे पूर्व 10 जनवरी 2026 को वन प्रमंडल पदाधिकारी, बोकारो द्वारा भी ग्राम–भतुआ स्थित बी.एस.एल. अधिग्रहित भूमि पर अवैध उत्खनन एवं परिवहन की सूचना दी गई थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।

उपायुक्त ने उच्च स्तरीय समिति का किया गठन
इस संबंध में उपायुक्त अजय नाथ झा ने की स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वन प्रमंडल पदाधिकारी, बोकारो की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है। समिति में निदेशक डी.पी.एल.आर, अपर समाहर्ता, जिला खनन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, बी.एस. सिटी तथा बी.एस.एल. प्रबंधन द्वारा नामित सदस्य को शामिल किया गया है।
देनी होगी प्रगति रिपोर्ट
समिति को निर्देश दिया गया है कि क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाकर अवैध खनन और अतिक्रमण पर रोक लगाई जाए। साथ ही प्रत्येक 15 दिनों के भीतर प्रगति प्रतिवेदन संबंधित प्राधिकारी को उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है।
समाहरणालय में उपायुक्त ने किया समीक्षा बैठक
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह, निदेशक डी.पी.एल.आर. श्रीमती मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार, बी.एस.एल. के मुख्य महाप्रबंधक नगर सेवाएं कुंदन कुमार, महाप्रबंधक ए के सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर पंचायत क्षेत्र की वस्तुस्थिति की विस्तृत जानकारी ली। बैठक में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने, संयुक्त छापेमारी तेज करने तथा सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और अतिक्रमण के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

