बोकारो जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से जारी है। इसी क्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को प्रोत्साहित करने हेतु #Bokaro: BLO of the day पहल के तहत बेरमो की बीएलओ सविता देवी (पार्ट-42) और मधुलता देवी (पार्ट-48) को चयनित किया गया।

सविता देवी ने एक दिन में 168 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया, जबकि मधुलता देवी ने 591 गणना प्रपत्रों का वितरण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। उनके उत्कृष्ट कार्य पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्वयं जरीडीह बस्ती स्थित विद्यालय पहुंचकर दोनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

डीईओ ने कहा कि बीएलओ लोकतांत्रिक प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके समर्पण से ही अभियान सफल होगा। उन्होंने सभी बीएलओ को प्रो-एक्टिव होकर कार्य करने और किसी भी पात्र मतदाता को न छूटने देने का निर्देश दिया। मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

