Bokaro: शिकायतों के बाद बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बालीडीह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। इसके साथ ही बालीडीह थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर भागू उरांव को भी तत्काल प्रभाव से लाइन क्लोज किया गया है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।

लगातार मिल रही थीं शिकायतें, SP ने लिया कड़ा फैसला
एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि थाना प्रभारी के खिलाफ लगातार विभिन्न शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें थाना की जिम्मेदारी से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई का आदेश जारी कर दिया गया है।

बालीडीह थाना में नए थाना प्रभारी की नियमित नियुक्ति तक वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। इस दौरान मुख्यालय डीएसपी को थाना की गतिविधियों और कामकाज की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे।
ACB की कार्रवाई के बाद जांच के घेरे में आया था मामला
बालीडीह थाना से जुड़ा यह मामला कुछ दिन पहले एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई के बाद चर्चा में आया था। थाना के एएसआई को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद थाना की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल उठे थे। शिकायतकर्ता ने उनके साथ दुर्व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया।
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई से महकमे में हलचल
थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी पर हुई कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। एसपी की इस कार्रवाई को सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

