Bokaro: पेटरवार थाना क्षेत्र के पिछरी गांव में एक युवक की टांगी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय बिपुल मिश्रा, पिता गुलचंद मिश्रा, निवासी पिछरी मिश्रा टोला के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मंगलवार शाम करीब 7 बजे बिपुल को उसके तीन दोस्तों ने घर से बुलाया था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा। रात करीब 11 बजे ग्रामीणों ने बीरोह टांड जंगल में उसका शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और परिजनों को जानकारी दी। बेटे की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया।
पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा की तत्परता से एक युवक को हिरासत में लिया गया है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस की विशेष टीम मौके पर पहुंची और न्यूटन डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू की गई। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है ताकि घटना की तह तक पहुंचा जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है।