Bokaro: चास थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी स्थित गाय घाट के पास सोमवार की शाम इंडियन रिज़र्व बटालियन (IRB) के जवान अजय यादव उर्फ सोनू (28) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान यदुवंश नगर निवासी समाजसेवी लक्ष्मी नारायण यादव के छोटे पुत्र के रूप में हुई है। हत्या के विरोध में स्थानीय लोगों ने करीब दो घंटे तक सड़क जाम रखा। वे हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। JMM के नगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि उन्होंने पुलिस प्रशासन से बात की और 48 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन मिलने के बाद जाम हटा लिया गया।
त्योहार मनाने घर आया था जवान
अजय यादव गिरिडीह में पदस्थापित था और छठ पर्व पर छुट्टी लेकर अपने घर आया हुआ था। हत्या के मुख्य आरोपी की पहचान बलराम तिवारी के रूप में हुई है, जो घटना के बाद से फरार है। बोकारो के एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।
आरोपी बलराम तिवारी पर पहले भी दर्ज हैं कई मामले
सूत्रों के अनुसार, बलराम तिवारी दो से तीन महीने पहले ही जेल से बाहर आया था। उसके खिलाफ पुलिस पर हमला करने सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच किसी बात को लेकर अजय यादव और बलराम तिवारी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ पास के शिव मंदिर के पास पहुंचा, जहां अजय अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। अचानक तिवारी ने पिस्टल निकालकर तीन गोलियां दाग दीं, जो अजय के पेट में लगीं।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
घायल जवान को स्थानीय लोगों की मदद से बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
इलाके में दहशत, परिजनों में कोहराम
वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना से आधा घंटे पहले गश्ती दल ने उसी स्पॉट से कुछ युवकों को हटाया था।
आरोपी की तलाश में छापेमारी तेज
पुलिस ने आरोपी बलराम तिवारी की गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022 में भी तिवारी पर एक पुलिस अधिकारी की मोटरसाइकिल चोरी और पुलिस टीम पर हमले का मामला दर्ज किया गया था।

