Bokaro: शहर के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र अंतर्गत सिटी सेंटर स्थित तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में हथियार के बल पर लूट के प्रयास मामले में बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस कांड में संलिप्त दो अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से देशी पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद किया है।
बिहार के बेगूसराय से दोनों आरोपियों को
पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी व मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 2 फरवरी को बिहार के बेगूसराय से दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने तनिष्क ज्वेलर्स में लूट के प्रयास में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल (7.65 एमएम) और पांच जिंदा गोलियां बरामद की गईं।
सिल्लीगुड़ी थाना में भी तनिष्क ज्वेलर्स लूट
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान प्रिंस कुमार (20 वर्ष) एवं मो. समशाद (24 वर्ष), दोनों निवासी चेरिया बरियारपुर, जिला बेगूसराय (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रिंस कुमार के विरुद्ध पहले से एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं, जबकि मो. समशाद पर सिल्लीगुड़ी थाना में तनिष्क ज्वेलर्स लूट से संबंधित मामला दर्ज है।

छापेमारी दल में नगर डीएसपी आलोक रंजन सहित सेक्टर-4, बीएस सिटी, हरला, सेक्टर-12, सिटी, बालीडीह थाना एवं तकनीकी शाखा के अधिकारी-कर्मी शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।

