Bokaro : जिले में बीते कुछ दिनों से अमन साहु, राहुल दुबे और मयंक सिंह गिरोह का भय दिखाकर कारोबारियों से रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मामले में सात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से व्यापारियों को कॉल और मैसेज कर धमकी दे रहे थे।

दो थानों में दर्ज हुए थे मामले
इस संबंध में बालीडीह ओपी थाना कांड संख्या 56/26 (दिनांक 12 मार्च 2026) तथा बीएस सिटी थाना कांड संख्या 47/26 (दिनांक 16 मार्च 2026) के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
एसआईटी की कार्रवाई में सफलता
पुलिस अधीक्षक (SP) हरविंदर सिंह के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह का खुलासा किया और सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से रंगदारी मांगने में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड, हथियार, गोली और एक स्कूटी बरामद की गई है।

हथियार बरामदगी के दौरान फायरिंग
मुख्य आरोपी प्रिंस गुप्ता उर्फ भटिया की निशानदेही पर हथियार बरामद करने गई पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग की गई। इस दौरान प्रिंस गुप्ता घायल हो गया। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए।
गिरोह का मुख्य सरगना निकला प्रिंस गुप्ता
पुलिस के अनुसार प्रिंस गुप्ता उर्फ भटिया इस गिरोह का मुख्य सरगना है। उसके खिलाफ बोकारो के विभिन्न थानों में करीब 10 मामले दर्ज हैं। वह अपने साथियों के माध्यम से कारोबारियों के मोबाइल नंबर जुटाकर अन्य अपराधियों को उपलब्ध कराता था, जिसके जरिए रंगदारी की मांग की जाती थी।
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोडेड देशी कट्टा, एक पिस्टल, अतिरिक्त देशी कट्टा, जिंदा गोलियां, मैगजीन, दो सिम कार्ड, आठ मोबाइल फोन, एक स्कूटी, पर्स और नकद राशि बरामद की है।
छापेमारी दल की भूमिका
इस कार्रवाई में नगर डीएसपी आलोक रंजन, डीएसपी मुख्यालय अनिमेष कुमार गुप्ता समेत बालीडीह, बीएस सिटी और चास थाना की पुलिस तथा तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही। SP बोकारो हरविंदर सिंह का कहना है कि गिरफ्तार सभी अपराधियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

