Bokaro: ज़िले के जरीडीह थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का खुलासा किया है। सहायक आयुक्त उत्पाद, बोकारो के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम तांत्री कुम्हारडीह में छापेमारी की गई। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब, स्पिरिट और शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई।

छापेमारी में 120 लीटर स्पिरिट, 40 लीटर तैयार रंगीन शराब, 750 एमएल की ओल्ड मोंक ब्रांड की 24 प्लास्टिक बोतलें, झारखंड सरकार का नकली ईएएल सहित विभिन्न ब्रांडों के स्टीकर, ढक्कन और बोतलें जब्त की गईं। मामले में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
छापेमारी दल में उत्पाद निरीक्षक विजय कुमार पाल, अवर निरीक्षक सन्नी विवेक तिर्की, अवर निरीक्षक महेश दास सहित अधीनस्थ उत्पाद बल शामिल था। उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही है।


