Bokaro: शहर के सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत को-ऑपरेटिव कॉलोनी स्थित एक मैदान से 62 वर्षीय व्यक्ति को खून से लथपथ हालत में बरामद किया गया। गले पर चाकू के गहरे निशान देख स्थानीय लोग दहशत में आ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को आनन-फानन में बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) में भर्ती कराया।

घटनास्थल से चाकू बरामद
घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट, एक चाकू और एक चप्पल बरामद हुई है। घायल की गर्दन के दोनों ओर धारदार हथियार से काटे जाने के गहरे जख्म पाए गए हैं। उनकी हालत सामान्य हो रही है और वे बीजीएच के प्लास्टिक सर्जन डॉ. अनिन्दा मंडल के सुपरविज़न में डॉ आर के मिश्रा, डॉ मंजरी ठाकुर अरे डॉ रमेश की देखरेख में सीसीयू में उपचाराधीन हैं। हाथ में कटने का निशान भी मिला है। See Video-
मूल रूप से केरल के निवासी
जानकारी के अनुसार, को-ऑपरेटिव कॉलोनी के प्लॉट संख्या 87ए निवासी अशोकन एपी घर के सामने स्थित मैदान में घायल अवस्था में मिले। वे मूल रूप से केरल के रहने वाले बताए जाते हैं और प्राइमेटल प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से बीएसएल में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत थे। पुलिस ने घटनास्थल से रक्त के नमूने भी जांच के लिए सुरक्षित कर लिए हैं।

बोकारो एसपी ने कहा –
पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने कहा, “घायल व्यक्ति द्वारा अपना गला काटने का प्रयास किया गया है। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें पेंशन से जुड़ी समस्या और तनाव का उल्लेख किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उन्हें बीजीएच में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। साथ ही, इस मामले में किसी प्रकार की साजिश या फॉल प्ले की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता, इसलिए सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।”

