Bokaro: जिले में टीबी नियंत्रण को लेकर प्रशासन ने अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। सोमवार को एएस एंड एमडी, भारत सरकार श्रीमती अराधना पटनायक की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने गोपनीय स्थित कार्यालय कक्ष में सिविल सर्जन डॉ ए बी प्रसाद, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार समेत अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में सघन जांच का निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि जिले में चल रहे आयुष्मान आरोग्य शिविरों के तहत बेरमो प्रखंड सहित सभी चिन्हित जोखिम वाले क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर टीबी जांच अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग कर संभावित मरीजों की समय पर पहचान सुनिश्चित की जाए।
निक्षय मित्र’ अभियान को मिलेगा बढ़ावा
टीबी मरीजों के पोषण स्तर में सुधार के लिए ‘निक्षय मित्र’ अभियान को और मजबूत बनाने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने बताया कि सभी विभागों को विशेष पत्र जारी किया जाएगा, जिससे अधिकारी, कर्मचारी और समाज के प्रबुद्ध नागरिक इस अभियान से जुड़कर मरीजों को पोषाहार किट उपलब्ध करा सकें।

ई-पोषण और 100 दिवसीय अभियान का समन्वय
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि ई-पोषण अभियान को 100 दिवसीय अभियान के साथ जोड़कर समन्वित रूप से संचालित किया जाए, ताकि टीबी मरीजों को उपचार के साथ-साथ पोषण सहायता भी निरंतर मिलती रहे। इन प्रयासों से जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को नई दिशा और गति मिलेगी।

