Bokaro: बोकारो जिले के चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के काला पत्थर गांव में भूमि विवाद हिंसक हो गया। दो पक्षों की मारपीट के दौरान पुलिस पर हमला हुआ, जिसमें सब-इंस्पेक्टर मकसूद आलम घायल हो गए और उनकी वर्दी फाड़ दी गई। स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। कई लोगों को हिरासत में लिया गया और FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस हस्तक्षेप पर हमला
चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत काला पत्थर गांव में भूमि विवाद पुराना है। शर्मा पक्ष और गोराई पक्ष के बीच जमीन को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया। लेकिन दोनों पक्ष पुलिस से भी उलझ गए।

अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख आस-पास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया। कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि यह जमीन विवाद काफी पुराना है और टाइटल सूट अदालत में लंबित है।
पुलिस पर हमला अवैधानिक
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोनों पक्षों को पहले ही भड़काऊ हरकतों से बचने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद दोनों ने जबरन कब्जे की कोशिश की, जिससे यह टकराव हुआ। पुलिस पर हमला अवैधानिक है, इसलिए प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए चास थाना लाया। इसी दौरान सूचना पाकर जब पत्रकार कवरेज के लिए थाना पहुंचे तो उनके साथ बदसलूकी की गई। पुलिसकर्मियों ने उन्हें वीडियो बनाने और फोटो लेने से रोक दिया। इस व्यवहार से आक्रोशित पत्रकारों ने मामले की शिकायत वरीय पुलिस पदाधिकारियों से की है।
