Bokaro: कसमार प्रखंड के चोली जंगल में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पत्ता तोड़ने गई सिंहपुर निवासी मनोरंजन महतो की पत्नी मंजू देवी का शव जंगल के भीतर बरामद हुआ। जानकारी के अनुसार, मंजू देवी मंगलवार की सुबह अपने परिवार की दो अन्य महिलाओं के साथ पत्ता तोड़ने जंगल गई थीं। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई।
छह घंटे की जंगल में तलाश के बाद मिली लाश
साथी महिलाओं ने सुबह करीब नौ बजे घर पहुंचकर मामले की जानकारी दी। इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ता एवं सिंहपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि घनश्याम महतो के नेतृत्व में ग्रामीणों और परिजनों की एक बड़ी टीम ने करीब छह घंटे तक जंगल में तलाश की। देर शाम जंगल के भीतर मंजू देवी का शव बरामद किया गया।

जंगली जानवर के हमले की आशंका
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि महिला पर किसी हिंसक जंगली जानवर ने हमला किया होगा, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि, वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा।
पुलिस ने शव कब्जे में लिया
सूचना मिलते ही कसमार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, पंचायत प्रतिनिधि और समाजसेवी स्थल पर जुट गए।
ग्रामीणों में भय और शोक
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भय और चिंता व्याप्त है। प्रायः दिन में अनेक महिलाएं और पुरुष जंगल में पत्ता, दतवन और जलावन तोड़ने जाते हैं। ग्रामीणों में महिला की मौत पर गहरा शोक और डर देखा जा रहा है।
