Bokaro: बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-01B स्थित अंबेडकर कॉलोनी में देर रात कुछ लोगो ने मां काली के पूजा पंडाल में तोड़फोड़ कर दी। घटना के दौरान कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। बताया जा रहा है कि ये सभी युवक शराब के नशे में थे और इलाके में अफरातफरी मच गई।
दीपावली की रात स्टंट से शुरू हुआ विवाद
पूजा समिति के सदस्य रवि रंजन ने बताया कि यह घटना 20 अक्टूबर, दीपावली की रात करीब 12 बजे की है। कुछ लोग कार से आए और सड़क पर खतरनाक स्टंट करने लगे। जब समिति के सदस्यों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो वे वहां से चले गए।
हथियार लेकर लौटे और की तोड़फोड़
रवि रंजन के अनुसार, थोड़ी देर बाद वही लोग बड़ी संख्या में हथियार लेकर लौटे और पूजा पंडाल के कई हिस्सों को क्षतिग्रस्त कर दिया। जब समिति के सदस्यों ने विरोध किया तो उन लोगो ने उन पर हमला कर दिया, जिससे कुछ सदस्य घायल हो गए।
क्षेत्र में दहशत, पुलिस को दी गई सूचना
घटना के बाद अंबेडकर कॉलोनी में तनाव का माहौल है। पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि हमले के बाद से इलाके में भय व्याप्त है। पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है और जांच जारी है।

