Bokaro: शहर के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र अंतर्गत बोकारो स्टील सिटी कॉलेज के समीप झाड़ियों से एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने झाड़ियों में शव देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

बेरहमी से हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में महिला की बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार महिला का सिर कुचला हुआ पाया गया है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या किसी भारी वस्तु से वार कर की गई है। मृतका की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
मृतका के पहनावे और हुलिए से
महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मृतका के पहनावे और हुलिए से प्रतीत होता है कि वह किसी ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली हो सकती है। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी थाना प्रभारी सुदामा दास और सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

गुमशुदा महिलाओं के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदा महिलाओं के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

